Thursday, October 22nd, 2026

बैंक आॅफ बड़ौदा के एटीएम मशीन में लाखों की हेराफेरी, दो गिरफ्तार

रायपुर
बैंक की एटीएम मशीनों में रुपए जमा करने वालों ने ही सेंधमारी करते हुए लाखों रूपयों की हेराफेरी का मामला सामने आया है। एटीएम मशीनों से यह हेराफेरी बैंक आॅफ बड़ौदा के पांच अलग-अलग खेत्रों में स्थित मशीनों में हुई है। हेराफेरी की इस वारदात में मशीनों में रुपए जमा करने वाली कंपनी के कर्मचारी शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त समाचारों के अनुसार बैंक आॅफ बड़ौदा के एटीएम से लाखों रुपयों की हेराफेरी कर अमानत में खयानत करने का मामला सामने आया है। दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना ने घटना के संबंध में बताया कि सहायक प्रबंधक राइटर बिजनेस सर्विसेस प्रा.लि. के भूषण गाँधी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि एटीएम अफसर मुकेश सिंह ठाकुर व धर्मेंद्र रात्रे ने 5 एटीएम से कुल 28 लाख रुपए अमानत पर खयानत कर गबन कर लिया है। भूषण गाँधी ने पुलिस को बताया की भिलाई के करेंसी चेस्ट से मुकेश सिंह ठाकुर व धर्मेंद्र रात्रे द्वारा नकद कैश लेकर विभिन्न एटीएम में लोड करने का कार्य किया जाता है। दोनों एटीएम आॅफिसर के पास वो पासवर्ड था जो एटीएम मशीन के वाल्ट के लिए जरुरी है,इस पासवर्ड की जानकारी केवल मुकेश और धर्मेंद्र को ही रहती है, इसी का फायदा उठाकर दोनों एटीएम अफसरों ने अलग-अलग एटीएम से 27 लाख से अधिक रुपए गबन कर लिए।

इन दोनों कर्मचारियों द्वारा गबन किये जाने का मामला उस समय प्रकाश में आया जब कंपनी के आडिट में इसका खुलासा हुआ। मुकेश व धर्मेन्द्र ने बैंक आॅफ बड़ौदा के रेलवे स्टेशन, गुढिय़ारी, सुंदर नगर स्थित कुल 5 एटीएम मशीनों से इस रूपयों की हेराफेरी की। सहायक प्रबंधक द्वारा पुलिस में की गई शिकायत के बाद आरोपियों के खिलाफ आईपीएस की धारा 406,34 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

राइटर बिजनेस सर्विस के असिस्टेंट मैनेजर भूषण गांधी ने बताया कि हमारी कंपनी बैंक आॅफ बड़ौदा के लिए कैश मैनेज करने का काम करती है। मेरी ही कंपनी में मुकेश सिंह ठाकुर और धर्मेंद्र रात्रे एटीएम अफसर के तौर पर काम करते हैं। बैंक आॅफ बड़ौदा के भिलाई स्थित करेंसी चेस्ट रुपए लेकर रायपुर के अलग-अलग एटीएम में रुपए डाले जाते हैं। मुकेश और धर्मेंद्र यही काम करते थे। इनके पास एक खास तरह का पासवर्ड होता है। मशीन में इसी के जरिए रुपए डालने का काम होता है।

2 मार्च को कंपनी के आॅडिटर हरजिंदर सिंह ने अपने आॅडिट में यह पाया की रायपुर के सुन्दर नगर में स्थित एटीएम  में 2,90,000 रुपए कम हैं। इस एटीएम में 12 लाख रुपए लोड किए गए थे। लोगों के इस्तेमाल के बाद मशीन में जितने रुपए होने चाहिए वो नहीं थे। टीम को ये पता लगा कि रुपए लोड करते वक्त ही मुकेश और धर्मेंद्र ने पैसे लेकर अपने पास रख लिए थे। इसके बाद हर उस एटीएम में कैश की जांच की गई। जहां इन दोनों को रुपए डालने भेजा गया था। स्टेशन रोड, पंडरी, संतोषी नगर जैसे 5 अलग-अलग एटीएम ने कुल 27,73,700 रुपए के गबन का पता चला।

 

#बैंक आॅफ बड़ौदा

Source : Agency

पाठको की राय